छत्तीसगढ़ के आदिवासी और गैर-आदिवासी किशोरों की शैक्षिक आकांक्षाओं पर जीवन कौशल के प्रभाव पर एक अध्ययन : पहाड़ी कोरवा के संदर्भ में
Main Article Content
Abstract
प्रस्तुत अध्ययन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के आदिवासी अर्थात् पहाड़ी कोरवा एवं गैर-आदिवासी किशोरों की शैक्षिक आकांक्षाओं पर जीवन कौशल के प्रभाव का अध्ययन करना था। अध्ययन में यह जानने का प्रयास किया गया कि आदिवासी एवं गैर-आदिवासी किशोरों की शैक्षिक आकांक्षाओं में कोई सार्थक अंतर है अथवा नहीं तथा जीवन कौशल का शैक्षिक आकांक्षा से किस प्रकार का संबंध एवं प्रभाव है। प्रस्तुत अध्ययन वर्णनात्मक सर्वेक्षण विधि पर आधारित था। अध्ययन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के बलरामपुर जिले के चयनित उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 11वीं में अध्ययनरत कुल 600 किशोरों का चयन किया गया, जिनमें 300 पहाड़ी कोरवा आदिवासी किशोर तथा 300 गैर-आदिवासी किशोर सम्मिलित थे। आँकड़ों के संकलन हेतु जीवन कौशल मापनी एवं शैक्षिक आकांक्षा मापनी का प्रयोग किया गया। आँकड़ों के विश्लेषण हेतु मध्यमान, मानक विचलन, स्वतंत्र नमूना t-परीक्षण, पियर्सन सहसंबंध गुणांक एवं सरल रैखिक प्रतिगमन विश्लेषण का प्रयोग किया गया। परिणामों से ज्ञात हुआ कि गैर-आदिवासी किशोरों की शैक्षिक आकांक्षा आदिवासी किशोरों की तुलना में सार्थक रूप से अधिक पाई गई। जीवन कौशल एवं शैक्षिक आकांक्षा के मध्य धनात्मक एवं सार्थक सहसंबंध पाया गया। प्रतिगमन विश्लेषण से स्पष्ट हुआ कि जीवन कौशल किशोरों की शैक्षिक आकांक्षा में लगभग 27.0% प्रसरण की व्याख्या करता है। अध्ययन इस निष्कर्ष पर पहुँचता है कि जीवन कौशल किशोरों की शैक्षिक आकांक्षाओं को सुदृढ़ करने वाला एक महत्वपूर्ण मनो-सामाजिक कारक है।