माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की आत्म-अवधारणा एवं शैक्षणिक उपलब्धि प्रेरणा पर आईसीटी के प्रति दृष्टिकोण के प्रभाव का अध्ययन (रायपुर जिले के माध्यमिक विद्यालयों के विशेष संदर्भ में)
Main Article Content
Abstract
प्रस्तुत शोध अध्ययन का उद्देश्य माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की आत्म-अवधारणा एवं शैक्षणिक उपलब्धि प्रेरणा पर सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के प्रति दृष्टिकोण के प्रभाव का अध्ययन करना है। यह अध्ययन छत्तीसगढ़ राज्य के रायपुर जिले के दस मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ के आठ सौ विद्यार्थियों (चार सौ बालक एवं चार सौ बालिकाएँ) पर आधारित है। वर्णनात्मक सर्वेक्षण शोध विधि का उपयोग करते हुए तीन मानकीकृत मापनियों के माध्यम से आँकड़ों का संकलन किया गया। टी-परीक्षण के माध्यम से परिकल्पनाओं का परीक्षण किया गया। अध्ययन के परिणामों से यह स्पष्ट हुआ कि उच्च आईसीटी दृष्टिकोण वाले विद्यार्थियों की आत्म-अवधारणा (माध्य = 172.30) निम्न आईसीटी दृष्टिकोण वाले विद्यार्थियों (माध्य = 158.50) की तुलना में सांख्यिकीय रूप से सार्थक रूप से अधिक पाई गई (टी = 4.25, पी = 0.001)। इसी प्रकार उच्च आईसीटी दृष्टिकोण वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि प्रेरणा (माध्य = 29.10) भी निम्न दृष्टिकोण वाले विद्यार्थियों (माध्य = 24.50) की तुलना में सार्थक रूप से उच्च पाई गई (टी = 3.95, पी = 0.002)। इस अध्ययन के निष्कर्ष शैक्षणिक संस्थानों में आईसीटी के प्रभावी एवं व्यापक उपयोग की आवश्यकता को बल प्रदान करते हैं।